आनंद सिन्हा ने भारतीय रिज़र्व बैंक के उप गवर्नर के रूप में कार्यग्रहण किया
19 जनवरी 2011 आनंद सिन्हा ने भारतीय रिज़र्व बैंक के उप गवर्नर के रूप में कार्यग्रहण किया श्री आनंद सिन्हा ने आज भारतीय रिज़र्व बैंक के उप गवर्नर के रूप में कार्यग्रहण किया। श्री सिन्हा को उप गवर्नर के रूप में 28 फरवरी 2013 तक की अवधि के लिए नियुक्त किया गया है। वे दो विनियामक विभागों अर्थात् बैंकिंग परिचालन और विकास विभाग और शहरी बैंक विभाग का कार्यभार संभालेंगे। वे सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, व्यय और बज़ट नियंत्रण विभाग, निरीक्षण विभाग, विधि विभाग और परिसर विभाग का भी कार्यभार संभालेंगे। उप गवर्नर के रूप में नियुक्त होने के पूर्व श्री सिन्हा भारतीय रिज़र्व बैंक के कार्यपालक निदेशक थे और बैंकिंग परिचालन और विकास विभाग, वित्तीय स्थिरता इकाई तथा व्यय और बज़ट नियंत्रण विभाग का कार्यभार संभाल रहे थे। श्री सिन्हा का केंद्रीय बैंक का करियर 34 वर्ष का है। उन्होंने वाणिज्यिक बैंकों के लिए कई प्रमुख विनियामक और पर्यवेक्षी नीतियॉं तैयार करने में योगदान दिया है। वे कई आंतरिक समितियों में भी रहे हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान अन्य कार्य के साथ-साथ विदेशी मुद्रा, निक्षेप बीमा और क्षेत्रीय कार्यालय का कार्यभार संभाला है। कार्यपालक निदेशक के रूप में उन्होंने कई अंतर्राष्ट्रीय समितियों में भारत तथा रिज़र्व बैंक का प्रतिनिधित्व किया है। वे बैंकिंग पर्यवेक्षण पर बासेल समिति (बीसीबीएस), अंतर्राष्ट्रीय निपटान बैंक (बीआइएस), बासेल, स्विटज़लैण्ड में भारतीय रिज़र्व बैंक के वैकल्पिक प्रतिनिधि थे। उन्होंने बीसीबीएस की तीन उप समितियों/कार्यक्षेत्रों अर्थात् नीति विकास समूहों (पीडीजी), समष्टि विवेकपूर्ण पर्यवेक्षण समूह (एमपीजी) तथा समष्टि वेरिएबल कार्यदल (एमवीटीएफ) में भी रिज़र्व बैंक का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने दिसंबर 2005 से वैश्विक वित्तीय प्रणाली (सीजीएफएस), बीआइएस की समिति में रिज़र्व बैंक का हाल तक प्रतिनिधित्व किया। वे उभरती बाज़ार अर्थव्यवस्थाओं को पूँजी प्रवाह पर सीजीएफएस कार्यदल के सदस्य भी थे। वे संकट के बाद गठित 'सुगम नियंत्रण को बढ़ावा देना तथा पारदर्शिता को मज़बूत बनाना' पर जी-20 कार्यदल में रिज़र्व बैंक का प्रतिनिधित्व किया। श्री सिन्हा अपने करियर के विभिन्न समय में देना बैंक, इलाहाबाद बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन ओवरसिज़ बैंक, निक्षेप बीमा और प्रत्यक गारंटी निगम तथा निर्यात ऋण और गारंटी निगम के निदेशक बोर्ड पर रिज़र्व बैंक के नामित निदेशक भी रहे। श्री सिन्हा दिल्ली के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान से भौतिक विज्ञान में मास्टर की डिग्री के बाद 1976 में भारतीय रिज़र्व बैंक से जुड़े। उनकी पत्नी श्रीमती शीला है और उनके दो सुपुत्र हैं। अल्पना किल्लावाला प्रेस प्रकाशनी : 2010-2011/1031 |
पृष्ठ अंतिम बार अपडेट किया गया: